जिलाधिकारी पौड़ी ने आपदा में संभाला मोर्चा : राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में भूस्खलन और आपदा की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं। तहसील पौड़ी के रैदुल क्षेत्र में भूस्खलन की खबर मिलते ही जिलाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंची और बंद सड़क को खुलवाया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित गांवों का दौरा किया और परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत राहत शिविरों की व्यवस्था करने, भोजन, इमरजेंसी लाइटें, जीवन रक्षक दवाएं और पशुओं के लिए चारे का इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, राजस्व विभाग को रैदुल समेत बुरासी और बांकुड़ा जैसे अन्य प्रभावित गांवों में जान-माल के नुकसान का सर्वे करने के लिए कहा गया है।

बंद मोटर मार्गों को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है और पशुधन की हानि के मामलों में तत्काल पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी खतरा हो, वहां के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए, राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण, विद्युत और खाद्य एवं रसद जैसे सभी जरूरी विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष से भी लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन लोगों से असुरक्षित मार्गों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतने की अपील भी कर रहा है।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिला नियंत्रण कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी तथा अपार जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला प्रशासन पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है। साथ ही असुरक्षित मोटर मार्गों पर जान माल की हानि को देखते हुए आवागमन में एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments