21 फरवरी से देहरादून में सजेगा ‘दिव्य कला मेला’, 16 राज्यों के 100 दिव्यांग कारीगर दिखाएंगे हुनर

देहरादून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) द्वारा 21 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक देहरादून में ‘दिव्य कला मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। मेले के आयोजन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) को सौंपी गई है। यह मेला दिव्यांगजनों की प्रतिभा, कौशल और आत्मनिर्भरता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आए दिव्यांग कारीगरों, उद्यमियों और कलाकारों द्वारा निर्मित उत्पादों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। हस्तशिल्प, हथकरघा, रेडीमेड परिधान, जूट एवं पर्यावरण अनुकूल उत्पाद, पैकेज्ड फूड, मसाले, ऑर्गेनिक उत्पाद, घरेलू सजावटी वस्तुएं, स्टेशनरी और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। आयोजकों का दावा है कि यह आयोजन न केवल खरीदारी का अवसर देगा, बल्कि सामाजिक समावेशन का संदेश भी मजबूत करेगा।

पिछले वर्षों में देश के विभिन्न शहरों में आयोजित दिव्य कला मेलों को व्यापक सराहना मिली है। इन आयोजनों ने दिव्यांग कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराया और उनके उत्पादों की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित की। अब तक ऐसे आयोजनों के माध्यम से करोड़ों रुपये का कारोबार हो चुका है, जिससे अनेक दिव्यांग उद्यमियों को आर्थिक संबल मिला है।

देहरादून में आयोजित इस मेले में लगभग 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 100 दिव्यांग कारीगर और उद्यमी भाग लेंगे। मेले में ‘एक्सपीरियंस जोन’ भी बनाए जाएंगे, जहां दिव्यांगजन खेल, कला प्रदर्शनियों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। यह पहल समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मेला प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए निशुल्क खुला रहेगा। सांस्कृतिक संध्याओं में दिव्यांग कलाकारों के साथ-साथ प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आगंतुकों के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है।

विशेष रूप से 26 फरवरी 2026 को दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। वहीं 1 मार्च 2026 को ‘दिव्य कला शक्ति’ नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देशभर के दिव्यांग कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

मेले का उद्घाटन 22 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे  राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) , उत्तराखंड एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी एल वर्मा , भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अन्य गणमान्य अतिथियों की भी उपस्थिति रहेगी।

आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर दिव्यांग कारीगरों का उत्साहवर्धन करें और इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में सहयोग दें। यह मेला दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सशक्त मंच साबित होगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments