

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मण चौक और कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खुद मैदान में उतरकर स्वच्छता कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्देश दिए कि केवल एक दिन सफाई अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चिन्हित स्थलों पर नियमित निगरानी और कूड़े का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी न फैलाएं और कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि स्वच्छता को एक ‘जनआंदोलन’ का रूप दिया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार जागरूकता और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन और नैतिक दायित्व का हिस्सा बनाकर ही हम अपने शहर और प्रदेश को स्वच्छ रख सकते हैं।
अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों सहित 100 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव तथा वेस्ट वॉरियर्स से नवीन सडाना समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Recent Comments