देहरादून, 1 अगस्त। पिता के आकस्मिक निधन के बाद पढ़ाई जारी रखने में आ रही कठिनाई को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक छात्र की मदद की है। डीएम के अनुरोध पर, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन ने छात्र रिहान की शत-प्रतिशत फीस माफ कर दी है, जिससे उसकी शिक्षा फिर से शुरू हो पाई है।
बीते सप्ताह, शहीद भगत सिंह कॉलोनी निवासी गजाला ने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने कहा कि पति के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है, जिससे वह अपने बेटे रिहान की स्कूल फीस नहीं भर पा रही थीं। परिवार का गुजारा चलाने और अपनी पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए रिहान को शाम में एक कैमिस्ट की दुकान पर काम करना पड़ रहा था, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
गजाला की फरियाद सुनने के बाद, जिलाधिकारी सविन बंसल ने तुरंत एसजीआरआर एजुकेशन मिशन से संपर्क किया। उनके अनुरोध पर, मिशन ने अगले ही दिन स्कूल के प्रधानाध्यापक को पत्र जारी कर रिहान की शत-प्रतिशत फीस माफ करने का निर्देश दिया।
इस घटना के बाद, जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की शिक्षा, महिलाओं को रोजगार, आर्थिक सहायता और बुजुर्गों को न्याय दिलाने जैसे मामलों में जिला प्रशासन सक्रियता से काम कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि उनकी त्वरित कार्यवाही से लोगों का विश्वास सरकार और जिला प्रशासन पर बढ़ा है।



Recent Comments