देहरादून, 06 फरवरी 2025: जिला प्रशासन के जनसंपर्क और समन्वय को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए प्रतीक्षा और डे-ऑफिसर कक्ष का आज जिलाधिकारी सविन बंसल ने विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर डीएम ने प्रशासन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि लंबे समय से अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किए जाने की मांग की जा रही थी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित करने की योजना थी, लेकिन कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि अवार्ड एक प्रेरणादायक प्रक्रिया है, जो कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करती है।

उन्होंने प्रशस्ति पत्र पाने वाले कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सम्मान न पाने वाले कर्मचारी भी अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन में यह प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी और सभी को अपने कार्यों में उत्कृष्टता दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय शालिनी नेगी, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरी, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी समेत कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में डीएम ने सभी कर्मियों से अपने कार्य को गंभीरता और समर्पण के साथ करने की अपील की और जिले के प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोग की अपेक्षा जताई।

Recent Comments