DM प्रशांत आर्य ने जनपद के अग्रिम जमा अनुपात को बढ़ाने के लिए बैंकर्स के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

उत्तरकाशी । जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक जिला सभागार में हुई। बैठक में जिले के अग्रिम जमा अनुपात को बढ़ाने के उपायों पर बैंकर्स के साथ गहन चर्चा हुई।समीक्षा के दौरान सामने आया कि मार्च 2026 तक जिले का अग्रिम जमा अनुपात 57.16 फीसदी रहा है, जो पर्वतीय जिलों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा तय किए गए मानकों को पूरा करता है। हालांकि जिलाधिकारी ने चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक इस ऋण अनुपात को और अधिक मजबूत करने के लिए बैंकर्स को अधिक से अधिक ऋण वितरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऋण लक्ष्यों की भी समीक्षा की।बैंकर्स को पिछले वित्तीय वर्ष की वार्षिक ऋण योजना के तहत 837.84 करोड़ रुपये का लक्ष्य आवंटित किया गया था। जिसके सापेक्ष बैंकों ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक 656.65 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जो कि कुल आवंटित लक्ष्य का 78.37 प्रतिशत है।जिलाधिकारी ने इस प्रगति को और बेहतर करने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि वे चालू वित्तीय वर्ष में भी रिजर्व बैंक के मानकों के अनुरूप आवंटित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।साथ ही पशुपालकों,मत्स्य पालकों को भी क्रेडिट कार्ड से जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन,वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना,प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम,स्पेशल कम्पोनेंट प्लान आदि योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में लीड बैंक अधिकारी ब्रह्मानंद सिंह,डीडीएम नावार्ड पारित गुप्ता,मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा,मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ.रजनीश सिंह,महाप्रबंधक उद्योग शैली डबराल,सहायक निदेशक डेयरी पीयूष आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न बैकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments