डीएम प्रशांत आर्य ने गंगोत्री धाम का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटा जिला प्रशासन

गंगोत्री धाम में सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी; सुरक्षा, सफाई और सुविधाओं पर विशेष फोकस

उत्तरकाशी। 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा की तैयारियों व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए प्रशासन पूरे मनोयोग जुटा है। यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के दृष्टिगत जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को श्री गंगोत्री धाम का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग की स्थिति का आकलन करते हुए सीमा सड़क संगठन तथा अन्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने धाम परिसर में सुरक्षा और निगरानी को सुदृढ़ करने हेतु सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए एवं श्रद्धालुओं को सभी जरूरी जानकारी तय समय से मिलती रहे इसके लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम को नियमित रूप से संचालित रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मिलकर आरती एवं पूजा-अर्चना के समय निर्धारण की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन का अवसर उपलब्ध कराए जाने और अनावश्यक भीड़ को प्रबंधित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने धाम परिसर में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश देते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते एवं यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को गरिमामय, सुव्यवस्थित सहज और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना है। इसके लिए बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया गया है, स्वास्थ्य सेवाओं तथा यातायात प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ यात्रा कार्यों में जुटा है, ताकि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को एक सुखद, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। इस दौरान डीडीएमओ शार्दूल गुस्साई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments