डीएम सविन बंसल का एक्शन : रुड़की के सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी, बाल श्रमिक मिलने पर केस दर्ज

बच्चों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

रुड़की/देहरादून: राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों में नन्हें बच्चों और धात्री महिलाओं को दी जा रही खाद्य सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में डीएम बंसल ने स्वयं रुड़की पहुंचकर गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति करने वाले माडी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर औचक छापेमारी की।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई बड़ी अनियमितताएं पाई गईं। सबसे गंभीर मामला गोदाम में बाल श्रमिक मिलने का रहा, जिस पर डीएम ने तत्काल गोदाम संचालक गौदम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पाया गया कि दिसंबर और जनवरी माह के अंडे एवं अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में वितरित की जा रही थी। खजूर और केले के चिप्स पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथियां संदिग्ध पाई गईं। कई उत्पादों पर तो ये तिथियां अंकित ही नहीं थीं, जबकि कुछ पैकेटों पर छपी तिथियों के स्थान पर स्टैंप लगाकर तिथि दर्ज की गई थी, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।

इसके अलावा, गोदाम का संचालन पूरी तरह से मानकों के विपरीत पाया गया। यहां खाद्य सामग्री रखने के लिए तापमान नियंत्रण (टेंपरेचर मेंटेन) की कोई व्यवस्था नहीं थी और आपूर्ति से जुड़े रजिस्टर भी अद्यतन नहीं मिले। गोदाम संचालक द्वारा सामग्री के साथ भेजे जाने वाले गुणवत्ता प्रमाण पत्र (क्वालिटी सर्टिफिकेट) भी नहीं दिखाए जा सके। छापेमारी के दौरान ही टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सामग्री लेकर निकल रहे वाहनों को रुकवाकर डीएम ने सभी सामग्रियों के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए भेज दिया।

इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव और कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि राज्य के नोनीहालों और महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments