01 दिसंबर, प्रातः 11 बजे – ऐतिहासिक बहुउद्देशीय शिविर
देहरादून। मुख्यमंत्री की प्रेरणा और जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर देहरादून प्रशासन 01 दिसंबर को विकासखंड डोईवाला के सुदूरवर्ती ग्राम इठारना में अभूतपूर्व और व्यापक बहुउद्देशीय जन–समस्या निवारण शिविर आयोजित करने जा रहा है। इस शिविर में 25 से अधिक विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि “अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करना ही प्रशासन का परम लक्ष्य है। जनता के द्वार तक योजनाएँ लेकर पहुंचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
शिविर की तैयारियों के तहत डीएम सविन बंसल स्वयं ग्रामीण पगडंडियों पर उतरे और अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मूलभूत समस्याओं — बिजली, पानी, सड़क, स्कूल, अस्पताल जैसी सुविधाओं — का सोशल ऑडिट मौके पर ही किया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि “लापरवाही किसी भी स्तर पर क्षम्य नहीं होगी।”

इठारना के पंचायतघर एवं मंदिर परिसर में लगने वाले इस शिविर में निम्न सेवाएं तुरंत उपलब्ध होंगी—
स्वास्थ्य जांच,आयुष्मान कार्ड,आधार कार्ड,
दिव्यांग प्रमाण पत्र,पेंशन सेवाएं,स्थायी निवास / आय / जाति प्रमाणपत्र,किसान क्रेडिट कार्ड,श्रमिक पंजीकरण,रोजगारपरक प्रशिक्षण
शिविर में उपस्थित प्रत्येक विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे पूरा विवरण, आवेदन फार्म और सभी रिकॉर्ड के साथ पहुंचे, ताकि किसी भी आवेदन को पेंडिंग न रखना पड़े।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि यह शिविर “सरकार की योजनाओं को गांव–गांव तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम” साबित होगा। ग्रामीण पहली बार अनुभव करेंगे कि प्रशासन उनकी शिकायतों और मांगों को मौके पर, तुरंत, और बिना किसी बाधा के निपटा रहा है।
पहली बार सुदूरवर्ती गांव इठारना में इतने बड़े स्तर पर शिविर आयोजित हो रहा है। उम्मीद है कि इससे क्षेत्र के हजारों लोग सीधे लाभान्वित होंगे और सरकारी योजनाओं के प्रति भरोसा और मजबूत होगा।

Recent Comments