

पुराने राजस्व वाद 1 महीने में निस्तारित करो ,अवैध शराब पर संयुक्त छापेमारी के निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को कलक्ट्रेट में राजस्व संग्रहण बैठक में सभी विभागों को राजस्व बढ़ाने और लक्ष्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की वसूली पिछले साल से कम नहीं होनी चाहिए। कम वसूली वाले विभाग कारण बताकर सुधार योजना बनाएं।
बैठक में अवैध खन के खिलाफ विशेषकर कोटद्वार क्षेत्र में अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अवैध भंडारण के चालान जिन लोगों ने अब तक पैसा जमा नहीं किया है उन पर आरसी की कार्रवाई होगी। वैध खन पट्टों की रॉयल्टी और सीमा की भी नियमित जांच होगी।
DM ने राज्य कर, आबकारी, पर्यटन, जिला पंचायत, विद्युत, वन, परिवहन और सिंचाई विभाग को भी राजस्व बढ़ाने को कहा। कौड़िया चेकपोस्ट पर सीसीटीवी से निगरानी और अवैध शराब पर SDM-तहसीलदारों के संयुक्त छापे के निर्देश दिए।

राजस्व वादों को लेकर DM ने कहा कि 5 साल से पुराने मामलों की हर हफ्ते सुनवाई कर 1 महीने में निस्तारित किया जाए। धारा 166 और 167 के मामलों को प्राथमिकता दी जाए। बड़े बकायेदारों से वसूली में तेजी लाने को भी कहा गया।
खाद्य विभाग को सभी पात्रों को समय पर राशन देने और आपदा के लिए गोदामों में अतिरिक्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। आपदा में सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक उसी दिन मौके पर जाएं और 3 दिन में राहत राशि दें। हर शनिवार SDM राहत की रिपोर्ट देंगे। DM ने बताया कि आपदा में क्षतिग्रस्त 61 पटवारी चौकियों की मरम्मत के लिए पैसा जारी हो चुका है, अगस्त तक काम पूरे होंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, आरटीओ विमल पाण्डेय सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments