

कहा कांवड़ यात्रा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी काम समय पर हों पूरे , पैदल मार्ग, सीसीटीवी और शौचालय पर फोकस
पौड़ी। 30 जुलाई से शुरू होने वाली विश्वप्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
DM स्वाति भदोरिया ने पेयजल, विद्युत, सड़क, पैदल मार्ग, स्वच्छता, पार्किंग, ट्रैफिक, सुरक्षा, संचार और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का कार्य देखा। शार्प टर्न, पैदल मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कार्य यात्रा से पहले पूरा करने को कहा। सड़क के गड्ढे भरने, जलभराव वाले स्थानों पर पैचवर्क और नालियों की सफाई के भी निर्देश दिए। लोनिवि ने बताया कि नीलकंठ सड़क की टॉप लेयर मरम्मत पूरी कर ली गई है।

पुंडरासू से आने वाले पैदल मार्ग का निर्माण एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। इस मार्ग पर रेलिंग, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। मंदिर के पीछे चल रहे लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण कर 25 जुलाई तक क्षेत्र की सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई से चल रहा विशेष स्वच्छता अभियान यात्रा तक जारी रहेगा।
बिजली और पेयजल की समीक्षा में DM ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति और स्थायी शौचालयों में स्थायी जल कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा। जिला पंचायत पार्किंग में प्रकाश, सफाई और सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। पैदल मार्गों की पुलियों को मजबूत करने और भू-कटाव वाले क्षेत्रों का उपचार करने को भी कहा।
यातायात को लेकर टैक्सी-मैक्सी संचालकों से संवाद कर ट्रैफिक प्लान साझा किया। पार्किंग, डायवर्जन और चौराहों पर दिशासूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। जियो, एयरटेल सहित मोबाइल कंपनियों को नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और अस्थायी टावर लगाने को कहा।
पुलिस कंट्रोल रूम में DM स्वाति भदोरिया ने सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय से काम करें और व्यवस्थाओं का ड्राई रन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
निरीक्षण में एसडीएम चतर सिंह चौहान, एएसपी मनोज ठाकुर, ईई लोनिवि निर्भय सिंह, ईई जल संस्थान अभिषेक वर्मा, एएमए संजय खंडूरी सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments