“ऑपरेशन प्रहार” में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी – महिला नशा तस्कर गिरफ्तार, 2 लाख की स्मैक बरामद

ड्रग्स फ्री देवभूमि” के संकल्प को साकार करने में जुटी दून पुलिस, चूना भट्टा से हुई गिरफ्तारी

देहरादून: मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना रायपुर पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर बड़ी सफलता अर्जित की है। आरोपी महिला के कब्जे से लगभग दो लाख रुपये मूल्य की 6.30 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29 मई 2026 को थाना रायपुर की विशेष पुलिस टीम चैकिंग अभियान के दौरान चूना भट्टा रायपुर क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला नशीले पदार्थों की तस्करी कर रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर महिला अभियुक्ता रामसखी देवी पत्नी बाबूलाल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत दो लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार अभियुक्ता रामसखी देवी मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले की निवासी है और वर्तमान में चूना भट्टा, थाना रायपुर, देहरादून में निवास कर रही थी। उसके विरुद्ध थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

एसएसपी देहरादून ने बताया कि जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी है और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक नीमा, महिला हेड कांस्टेबल दमयन्ती, कांस्टेबल मोहित कुमार तथा कांस्टेबल प्रदीप सिंह शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments