देहरादून।देहरादून पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने आज खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाकर कर्तव्यनिष्ठा की एक बड़ी मिसाल पेश की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के कुशल निर्देशन में टीम ने अथक परिश्रम करते हुए लगभग 70 लाख 45 हजार रुपये मूल्य के 415 स्मार्टफोन्स बरामद किए, जिन्हें आज पुलिस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके मालिकों के सुपुर्द कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर खुद अपने हाथों से बरामद मोबाइल फोन लोगों को वापस किए। अपना कीमती फोन और महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित वापस पाकर मोबाइल स्वामियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पीड़ितों ने दून पुलिस की कार्यप्रणाली की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। कई लोगों का कहना था कि उन्होंने अपने फोन मिलने की उम्मीद पूरी तरह छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से आज उन्हें उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिल गई है।
इन मोबाइलों की बरामदगी के पीछे साइबर सेल और जनपद के विभिन्न थानों की टीम की कड़ी मेहनत रही है। पुलिस द्वारा स्थापित साइबर क्राइम सेल की टीम ने केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर तेजी से कार्यवाही की। सर्विलांस और आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए इन फोनों को उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य बाहरी राज्यों से भी ट्रैक कर रिकवर किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व में भी साइबर सेल द्वारा लाखों रुपये के फोन बरामद कर जनता को लौटाए जा चुके हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से सावधानी बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सस्ते के लालच में किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना वैध बिल और पहचान पत्र के कोई भी पुराना मोबाइल न खरीदें, क्योंकि ऐसा करना आपको कानूनी संकट में डाल सकता है।
इस सफलता को हासिल करने वाली पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक (स्पेशल ऑपरेशन्स) अंकित कण्डारी, निरीक्षक गिरीश चन्द्र शर्मा, म0उ0नि0 निर्मल भट्ट, हे0का0 भरत सिंह रावत सहित साइबर सेल के अन्य जांबाज कर्मी शामिल रहे, जिनकी कार्यकुशलता की विभाग में प्रशंसा की जा रही है।

Recent Comments