10 साल पहले मरे दादा को जिंदा दिखाकर जमीन पर स्टे: दून पुलिस ने रची साजिश का किया पर्दाफाश

फर्जी आधार, नकली गवाह, कूटरचित एटॉर्नी: करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश नाकाम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भू-माफियाओं के खिलाफ चल रही मुहिम में दून पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पटेलनगर पुलिस ने करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश रचने वाली मुख्य अभियुक्ता बबीता देवी को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने 10 साल पहले मृत व्यक्ति को जिंदा दिखाकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन पर स्टे ले लिया था।

क्या है पूरा मामला 
वादी राहुल देव निवासी टर्नर रोड, पटेलनगर ने पुलिस को तहरीर दी कि उनके ममेरे दादा केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के जरिए अपनी संपत्ति उनके नाम की थी। 2016 में दादा के निधन के बाद 2024 में वसीयत के आधार पर उन्होंने संपत्ति अपने नाम दर्ज कराई।

वर्ष 2026 में भूमि की फर्द निकलवाने पर पता चला कि बबीता देवी ने मृत दादा केवल कृष्ण के नाम से 2025 का कूटरचित अधिकार पत्र/एटॉर्नी बनाकर जमीन पर स्टे ले रखा है। जांच में सामने आया कि बबीता ने मृत दादा की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और राजकमल व मौ. ईनाम कुरैशी को गवाह बनाकर फर्जी मुख्तारनामा तैयार किया था।

SSP की सख्ती, सहारनपुर से गिरफ्तारी 
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP देहरादून ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। 17 अप्रैल 2026 को पटेलनगर थाने में बबीता देवी व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और बैंकों से दस्तावेज जुटाने के बाद पुलिस टीम ने सुरागरसी की। 1 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्ता बबीता देवी (52), निवासी ग्राम बीराखेड़ी, थाना गंगोह, सहारनपुर को गंगोह रोड तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ऐसे रची गई साजिश 
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बबीता देवी ने साथियों के साथ मिलकर वादी की करोड़ों की जमीन हड़पने की नीयत से षड्यंत्र रचा। पहले मृत केवल कृष्ण का फर्जी आधार कार्ड बनाया, फिर उसके आधार पर अपने नाम कूटरचित मुख्तारनामा तैयार कर धोखाधड़ी से जमीन पर स्टे ले लिया।

पुलिस टीम में व0उ0नि0 प्रमोद शाह, म0उ0नि0 सुधा रावत, हे0का0 मनोज कुमार और म0का0 वंदना कंडियाल शामिल रहे। SSP देहरादून ने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments