देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों की धरपकड़ और नशे के काले कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 14 जुलाई 2025 को क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस, पीएसी, डॉग स्क्वायड तथा एएनटीएफ देहरादून की संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत मद्रासी कॉलोनी में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहे व्यक्तियों के घरों और संदिग्ध स्थानों पर स्निफर डॉग की सहायता से तलाशी ली गई। यह कार्रवाई झुग्गी-झोपड़ियों और मलिन बस्तियों में नशे के कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए की गई।

एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सुनसान स्थानों, खंडहरों आदि पर नियमित चेकिंग अभियान चलाएं। साथ ही पूर्व में तस्करी में लिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
यह अभियान “ड्रग फ्री देवभूमि” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जिसमें पुलिस प्रशासन नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है।


Recent Comments