
ऋषिकेश/देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम ने जुआ खेल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 40 हज़ार रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद की हैं।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस अड्डे के पास स्थित होटल सूरज के एक कमरे में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। मौके पर तीन व्यक्ति ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाते हुए जुआ खेलते मिले। बिस्तर पर रखे एक सफेद रूमाल पर ₹62,500 तथा तीनों अभियुक्तों के पास से ₹77,500, यानी कुल ₹1,40,000 नकद बरामद हुए।
पुलिस ने तत्काल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अवनीश गुलाटी (उम्र 53 वर्ष, निवासी तिलक रोड), फेरू जगवाणी (उम्र 54 वर्ष, निवासी आशुतोष नगर) और ऋषि प्रसाद (उम्र 45 वर्ष, निवासी चन्द्रेश्वर नगर) बताए। तीनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश पर मु0अ0सं0 – 469/2025 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 52 पत्ते ताश और तीन खाली ताश की गड्डियां भी बरामद की हैं। यह कार्रवाई कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी टीम के संयुक्त प्रयासों से की गई है, जो यह दर्शाती है कि जनपद में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Recent Comments