रोशनाबाद, हरिद्वार में हुए फाइनल में हरिद्वार को 4-1 से हराया; 12वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा, विजेता टीम ने एसएसपी देहरादून को सौंपी ट्रॉफी
देहरादून । दून पुलिस ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपना दमखम साबित करते हुए 24वीं प्रादेशिक/अंतर्जनपदीय पुलिस/वाहिनी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। रोशनाबाद, हरिद्वार में 9 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की कुल 18 टीमों ने भाग लिया, लेकिन फाइनल मुकाबले में जनपद देहरादून की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद हरिद्वार की टीम को 4-1 से पराजित कर चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस जीत के साथ दून पुलिस ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 12वीं बार ट्रॉफी अपने नाम कर एक बार फिर अपनी खेल परंपरा और उत्कृष्टता को साबित किया है।
प्रतियोगिता में देहरादून टीम ने हे0 कां0 ना0 पु0 पंकज कुमार के नेतृत्व में स्वर्णिम प्रदर्शन किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान टीम ने अनुशासन, समन्वय, फिटनेस और आक्रामक खेल का शानदार परिचय दिया। फाइनल मैच में भी दून पुलिस की टीम ने आरंभ से ही दबदबा बनाए रखा और हरिद्वार की टीम को वापसी का अवसर नहीं दिया। खिलाड़ियों के समर्पण और टीम भावना का ही परिणाम रहा कि दून पुलिस ने निर्णायक मुकाबले में प्रभावशाली जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद विजेता टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें विजेता ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर एसएसपी देहरादून ने टीम के स्वर्णिम प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन दल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां न केवल पुलिस बल का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि जवानों में अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करती हैं। एसएसपी ने खिलाड़ियों की पीठ थपथपाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे भी कठोर मेहनत के साथ इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
दून पुलिस की इस सफलता को महकमे में विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। लगातार मजबूत खेल संस्कृति, नियमित अभ्यास और नेतृत्व क्षमता के बल पर देहरादून की टीम ने एक बार फिर साबित किया कि वह राज्य पुलिस की खेल प्रतियोगिताओं में अग्रणी स्थान रखती है। 12वीं बार ट्रॉफी जीतना इस बात का प्रमाण है कि दून पुलिस की टीम केवल प्रतिभा के बल पर नहीं, बल्कि दीर्घकालिक तैयारी, अनुशासन और निरंतर प्रदर्शन के आधार पर अपनी पहचान बनाए हुए है।
विजेता टीम के साथ टीम मैनेजर के रूप में अ0उ0नि0 विजय चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि अ0उ0निरी0 यशजीत सिंह ने भी टीम के मार्गदर्शन में योगदान दिया। टीम का नेतृत्व कप्तान हे0 कां0 पंकज कुमार ने किया। टीम के अन्य सदस्यों में कां0 अतुल कुमार, कां0 प्रशांत कुमार, कां0 विकास कुमार, कां0 अमित कुमार, कां0 यशपाल पंवार, कां0 मनीष तोमर, कां0 विक्रांत सालार, कां0 मोहित राठी, कां0 भारतवीर, कां0 शक्ति शर्मा, कां0 रजनीश राठी और कां0 जोगिंदर शामिल रहे।
दून पुलिस की इस उपलब्धि से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने यह भी संदेश दिया है कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि खेल और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी उत्कृष्टता का परिचय दे रहा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में यह जीत आने वाले समय में दून पुलिस के खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा और नई ऊर्जा का स्रोत बनेगी।

Recent Comments