देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में आज दून पुलिस द्वारा ओएनजीसी संस्थान भवन परिसर में सड़क सुरक्षा सप्ताह 2025 के अन्तर्गत यातायात जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में निरीक्षक यातायात देहरादून जितेन्द्र जोशी ने ओएनजीसी के अधिकारियों व कर्मचारियों को यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के सम्बन्ध में समग्र जानकारी दी।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विशेष रूप से सीट बेल्ट और हेलमेट के प्रयोग, ओवरस्पीडिंग के खतरों तथा वाहन चलाते समय मोबाइल के प्रयोग से होने वाले जोखिमों के प्रति सचेत किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न यातायात संकेतों की व्याख्या कर उपस्थित लोगों को सड़क पर उत्पन्न होने वाले भ्रम और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के उपाय बताये गए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गुड समेरिटन (नेक व्यक्ति) कानून से अवगत कराना रहा। पुलिस टीम ने बताया कि अब सड़क दुर्घटना के घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को अनावश्यक कानूनी या पुलिस पूछताछ से डरने की जरूरत नहीं है और सरकार ऐसे मददगार व्यक्तियों को प्रोत्साहित कर रही है ताकि गोल्डन आवर में घायलों को समय पर चिकित्सीय सुविधा मिल सके और जान बचाई जा सके।
शिविर में उपस्थित ओएनजीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दून पुलिस की इस पहल की सराहना की और संकल्प व्यक्त किया कि वे न केवल स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे बल्कि अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में ओएनजीसी के अधिकारी/कर्मचारी तथा अन्य जनमानस मौजूद रहे।

Recent Comments