देहरादून। देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की एक घटना का दून पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। घटना 13 अगस्त 2025 को उस समय हुई जब वादी मुशाहिद, जो हाल में जमनपुर सेलाकुई में निवास कर रहे हैं, लेबर चौक से अपने घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। वादी की तहरीर पर थाना सेलाकुई में तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अभियुक्तों की पहचान की। जांच के आधार पर पुलिस ने ङिक्सन कंपनी के पास खाली मैदान से दो अभियुक्तों—आसिफ पुत्र इकबाल (22 वर्ष) और नदीम पुत्र युसूफ (25 वर्ष), दोनों निवासी सहसपुर—को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से छीना गया मोटरोला मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UK16D 3237) बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भारत सिंह, कृपाल सिंह, कांस्टेबल प्रवीण, उपेंद्र भंडारी और मुकेश शामिल थे, जिनकी तत्परता और समन्वित प्रयासों से यह सफलता मिली।
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न केवल पीड़ित को न्याय दिलाया, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल को भी कमजोर किया है।

Recent Comments