देहरादून: देहरादून पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए एक अनूठी पहल की है। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के एक कुख्यात अपराधी को 6 महीने के लिए जिला बदर (तड़ीपार) कर दिया गया है। जिलाधिकारी देहरादून के आदेश पर यह कार्रवाई की गई, जिसके तहत अपराधी को ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस की शक्ल में शहर की सीमा से बाहर छोड़ा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर, नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आसिफ पुत्र गुलशेर (उम्र 30 वर्ष) के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत रिपोर्ट तैयार की थी। आसिफ पर चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों को ध्यान में रखते हुए, जिलाधिकारी ने आसिफ को 6 महीने के लिए देहरादून जिले से बाहर रहने का आदेश दिया।
इस आदेश के पालन में, पुलिस ने आसिफ को देहरादून की सीमा, आशारोड़ी, से बाहर सहारनपुर, उत्तर प्रदेश की सीमा में छोड़ा। पुलिस ने आसिफ को सख्त हिदायत दी है कि यदि वह 6 महीने के भीतर दोबारा देहरादून में प्रवेश करता है, तो उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सहारनपुर पुलिस को भी इस कार्रवाई और आसिफ के आपराधिक इतिहास के बारे में सूचित कर दिया गया है।
आसिफ पर शस्त्र अधिनियम के तहत 6 और चोरी का 1 मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में खौफ पैदा होगा और जिले में अपराध पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

Recent Comments