

देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को आगे बढ़ाते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने “ड्रग फ्री कैंपस” अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की।
क्लेमेंटाउन क्षेत्र में स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में ANTF देहरादून और डॉक्टरों की संयुक्त टीम बिना पूर्व सूचना के पहुंची। टीम ने संस्थान में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में से 100 का ड्रग्स टेस्ट किट के माध्यम से रैंडम यूरिन टेस्ट किया। जांच में सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई।
पुलिस के अनुसार अभियान से पहले जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों से ड्रग्स टेस्ट के लिए कंसेंट फॉर्म/शपथ पत्र भरवाए गए थे। इसी क्रम में यह औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मौजूद छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई और नशे से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई छात्र-छात्रा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करता पाया जाता है तो उसके साथ-साथ संबंधित शिक्षण संस्थान के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस पहल की संस्थान में पढ़ने वाले स्थानीय और अन्य राज्यों से आए छात्रों ने सराहना की। कई छात्रों ने कार्रवाई की जानकारी अपने अभिभावकों को भी दी, जिन्होंने छात्र हित में पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आने वाले दिनों में जनपद के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

Recent Comments