
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में चलाई जा रही ‘ऑपरेशन प्रहार’ मुहिम के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक शातिर हिस्ट्रीशीटर सहित दो नशा तस्करों, अपहरण व लूट के एक आरोपी और डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला करने वाले एक हमलावर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लाखों की स्मैक, मोटरसाइकिल, लूट की रकम और वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किए हैं।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पहली बड़ी कार्रवाई कोतवाली डोईवाला पुलिस द्वारा की गई। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने २४ मई २०२६ को दो अलग-अलग स्थानों से दो नशा तस्करों को दबोचा। भानियावाला फ्लाईओवर सौंग नदी पुल अंडरपास के पास से कोतवाली डोईवाला के शातिर हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ लक्की (२१ वर्ष) पुत्र मनजीत सिंह को ६.३९ ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, कुआंवाला क्षेत्र से दूसरे अभियुक्त दीपक नाथ (३२ वर्ष) पुत्र महिपाल नाथ को ६.६९ ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। बरामद १३.०८ ग्राम अवैध स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब ४ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके ०७ डीवी ६६४७) को भी सीज कर दिया है। पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ लक्की के खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

इसी अभियान के तहत दूसरी सफलता कोतवाली सहसपुर पुलिस को मिली, जिसने युवक का अपहरण कर मारपीट और लूटपाट करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। २३ मई २०२६ को केदारावाला निवासी अब्दुल सलाम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बालूवाला क्षेत्र में राघव नामक युवक ने अपने ६-७ साथियों के साथ मिलकर उनकी मोटरसाइकिल रोकी, मारपीट की और जबरन गाड़ी में बैठाकर शंकरपुर ले गए, जहां गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर ५ हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की और नामजद आरोपी राघव शर्मा (२२ वर्ष) पुत्र संजय शर्मा (हाल निवासी सेलाकुई, मूल निवासी सहारनपुर) को गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह और कांस्टेबल त्रेपन सिंह की टीम इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और साक्ष्य जुटाने में जुटी है।

तीसरी त्वरित कार्रवाई में कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने एक डिलीवरी बॉय पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को महज २४ घंटे के भीतर दबोच लिया। २५ मई २०२६ को न्यू स्मिथ नगर में पार्सल डिलीवरी करने गए नवीन कुमार का सुमित लोधी नामक व्यक्ति से पार्सल वापस ले जाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर सुमित ने डिलीवरी बॉय पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे प्रेमनगर पुलिस (उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी और कांस्टेबल रोबिन) ने मुखबिर की सूचना पर मोहनपुर चाय बागान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुमित लोधी (३० वर्ष) की निशानदेही पर बद्रीपुर से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा १०९(१) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Recent Comments