दून पुलिस की दो टूक: सड़कों पर खूनी खेल बर्दाश्त नहीं, लापरवाही से जान लेने वाला इनोवा चालक भेजा गया जेल

देहरादून। राजधानी की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। डालनवाला क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे को अंजाम देने वाले इनोवा चालक के खिलाफ पुलिस ने न केवल ‘गैर-इरादतन हत्या’ का मुकदमा दर्ज किया, बल्कि प्रभावी पैरवी कर अभियुक्त को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

बीती 19 मार्च 2026 को डी.एल. रोड पर एक सफेद रंग की इनोवा कार (UK07DF 1795) के चालक ने वाहन को बेहद खतरनाक और अनियंत्रित तरीके से दौड़ाया था। इस दौरान कार ने मोटरसाइकिल सवार रोहित फिलिप को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए और कई वाहनों को भी भारी क्षति पहुँची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।

हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए अभियुक्त गुनीत सिंह (43 वर्ष), निवासी इन्दर रोड को हिरासत में लिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली डालनवाला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 125(B), 281 और 324(6) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 47/2026 पंजीकृत किया गया।

आज प्रातः पुलिस ने अभियुक्त को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस टीम ने न्यायालय में तर्क दिया कि अभियुक्त का कृत्य जानते-बूझते हुए दूसरों की जान से खिलवाड़ करने जैसा था। पुलिस की मजबूत पैरवी के आधार पर न्यायालय ने अभियुक्त का न्यायिक रिमांड स्वीकृत करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

इस कार्यवाही के माध्यम से देहरादून पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर स्टंटबाजी या लापरवाही से दूसरों की जान को खतरे में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी देहरादून के निर्देशानुसार, ऐसे मामलों में सख्त से सख्त विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।

डालनवाला पुलिस की इस टीम में चौकी प्रभारी करनपुर उ.नि. विक्की टम्टा, उ.नि. जयपाल सिंह, कांस्टेबल प्रवीन भण्डारी और प्रेम सिंह रावत शामिल रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments