देहरादून।थाना कालसी क्षेत्र में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती की पुकार पर दून पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए उनकी समस्या का तत्काल समाधान किया। अत्यधिक बारिश के कारण घर की छत टपकने की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुँचे और तिरपाल की व्यवस्था कर बुजुर्गों को राहत दी।
65 वर्षीय फन्तु, निवासी रोहाडा बस्ती व्यास नहरी कालसी, ने थाना कालसी को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी कि वे और उनकी पत्नी अकेले रहते हैं और बारिश के कारण उनके पुराने मकान की छत से पानी टपक रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और प्लास्टिक तिरपाल लगाकर छत की मरम्मत की अस्थायी व्यवस्था की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार, जनसेवा के भाव से प्रेरित यह कार्य न केवल एक समस्या का समाधान था, बल्कि बुजुर्गों के लिए सुरक्षा और सम्मान का संदेश भी था। पुलिस की इस त्वरित सहायता पर भावुक होकर बुजुर्ग दंपती ने पुलिस कर्मियों के सिर पर हाथ फेरकर आशीर्वाद दिया और उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
दून पुलिस का यह प्रयास दर्शाता है कि सेवा केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं तक फैली हुई है। ऐसे छोटे-छोटे कार्य समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं।

Recent Comments