देहरादून, 22 अप्रैल 2025 : देहरादून पुलिस ने एक बार फिर किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन को लेकर सख्ती दिखाई है। मंगलवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत लक्खी बाग, मुस्लिम कॉलोनी, रीठा मंडी समेत अन्य इलाकों में पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का नियमित सत्यापन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कई क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान जब पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की तो सामने आया कि कई मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों का सत्यापन अब तक नहीं कराया था। पुलिस ने ऐसे 38 मकान मालिकों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्यवाही करते हुए कुल ₹3,80,000 का जुर्माना वसूला।
कोतवाली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किरायेदारों और घरेलू सहायकों का समय पर सत्यापन जरूर कराएं, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

Recent Comments