देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने एक बयान जारी कर राज्य में हुए हालिया पंचायत चुनावों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में राज्य निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर संदेह पैदा हुआ है। प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम प्रधान सीटों के आरक्षण के बाद, बीजेपी ने जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनावों में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने नैनीताल उच्च न्यायालय की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लगी फटकार का हवाला देते हुए कहा कि यह साबित करता है कि बीजेपी ने चुनाव में पुलिस और निर्वाचन आयोग का गलत इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से ही इस बात की आशंका जता रही थी कि बीजेपी किसी भी तरह पंचायतों पर कब्जा करना चाहती है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने नैनीताल में जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण और द्वाराहाट में बाहुबल के इस्तेमाल जैसी घटनाओं को लोकतंत्र के लिए अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और द्वाराहाट में हुई इन घटनाओं और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ हुए दुर्व्यवहार के लिए सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
प्रतिमा सिंह ने जोर देकर कहा कि इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि सत्ताधारी पार्टी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश की है।

Recent Comments