

देहरादून। भाजपा ने यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले में ईडी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। प्रदेश प्रवक्ता एवं धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि पूर्व सीएम के पीए के पास काला धन मिलना बताता है कि “कांग्रेस का हाथ हमेशा भ्रष्टाचारियों के साथ” रहा है।
चमोली ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के इस्तीफे की पेशकश को सहानुभूति और दबाव बनाने का राजनीतिक ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठाने वाले ही असल में राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। चुनाव हो न हो, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं रुकनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने सरकारी नौकरियों में नकल और भ्रष्टाचार माफियाओं को पनपने दिया, युवाओं के भविष्य पर डाका डाला। धामी सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है, सैकड़ों नकल माफिया सलाखों के पीछे हैं और अब तक 34 हजार से अधिक नियुक्तियां पारदर्शिता से दी गई हैं। देश के अन्य राज्य उत्तराखंड के नकल विरोधी कानून का अनुसरण कर रहे हैं।
चमोली ने कहा कि दरोगा, पटवारी, सिडकुल, आयुर्वेदिक, बीडीओ, पशुपालन जैसे अनगिनत भर्ती घोटाले कांग्रेस की हकीकत हैं। अब जब कानून का शिकंजा कस रहा है तो कांग्रेस ड्रामे रचकर ध्यान भटका रही है, लेकिन जनता दोहरे चरित्र को समझ चुकी है।

Recent Comments