प्रत्येक जनपद का एक कलस्टर विद्यालय बनेगा आवासीय
देहरादून, 03 मार्च 2025(आरएनएस)उत्तराखंड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कलस्टर विद्यालयों के निर्माण की पहल शुरू की गई है। राज्य सरकार ने कलस्टर विद्यालय योजना के तहत रूद्रप्रयाग जनपद में तीन विद्यालयों के लिए 7 करोड़ 48 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है, जिसके माध्यम से इन विद्यालयों में आवश्यक भवन निर्माण और अन्य अवस्थापना कार्य सम्पन्न किये जायेंगे।
राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कलस्टर विद्यालयों की स्थापना का निर्णय लिया है, जिसमें प्रत्येक जनपद में एक आवासीय कलस्टर विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि इन विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं प्रदान की जाएं, तथा आसपास के छोटे विद्यालयों का विलय कर उन्हें एक मजबूत शैक्षणिक हब में परिवर्तित किया जाए।
इस योजना के तहत रूद्रप्रयाग के तीन विद्यालयों को कलस्टर विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें से:
- राजकीय इंटर कॉलेज बसुकेदार के लिए 150.39 लाख रुपये,
- राजकीय इंटर कॉलेज कोटमा, ऊखीमठ के लिए 298.68 लाख रुपये,
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अगस्तमुनि के लिए 299.38 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन विद्यालयों में कक्षा कक्ष, कंप्यूटर लैब, प्रयोगशाला, स्टॉफ कक्ष, कला और शिल्प कक्ष, शौचालय ब्लॉक और सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। कार्य के लिए अवस्थापना खंड, डाकपत्थर तथा सिंचाई विभाग को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया है। निर्माण कार्य के लिए शीघ्र धनराशि अवमुक्त की जाएगी।
राज्य सरकार की इस योजना के अंतर्गत, प्रत्येक जनपद में एक-एक आवासीय कलस्टर विद्यालय बनाने की योजना है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में अध्ययनरत छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवासीय सुविधाएं मिल सकें।
बयान
“राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप प्रदेश में कलस्टर विद्यालयों के निर्माण की कवायद आरंभ कर दी गई है। रूद्रप्रयाग में तीन विद्यालयों का चयन कर 748 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने के साथ ही, इन विद्यालयों को संसाधन संपन्न बनाया जाएगा।”
— डॉ. धन सिंह रावत, विद्यालयी शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड

Recent Comments