देहरादून के माजरा, कारगी, ब्राह्मणवाला, पुराना राजपुर, शास्त्री नगर, कांवली, सत्तोंवाली घाटी और ईसी रोड में पहुंचकर कांग्रेस नेता ने मुस्लिम भाई-बहनों को दी ईद की मुबारकबाद
देहरादून। रमजान शरीफ के एक महीने की कठोर तपस्या, खुदा की इबादत और तीस रोजों के बाद की दुआओं के उपरांत अल्लाह ताला रोजेदारों को खुशी मनाने के लिए इनाम स्वरूप ईद का तोहफा देते हैं। यह बात उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित ईद मिलन कार्यक्रमों में मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कही।
ईद के अवसर पर श्री धस्माना ने महानगर के अनेक इलाकों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। यहां के लोग दुनिया के तमाम देशों के लोगों की तुलना में इसलिए अधिक भाग्यशाली हैं क्योंकि उन्हें ईद, होली, दिवाली, क्रिसमस, गुरु पर्व सहित सभी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जब सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं, तो खुशियां कई गुना बढ़ जाती हैं।
माजरा में स्थानीय पार्षद जाहिद अंसारी द्वारा आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में श्री धस्माना का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जाहिद अंसारी ने कहा कि सूर्यकांत धस्माना केवल देहरादून ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड के सबसे बड़े धर्मनिरपेक्ष नेताओं में से एक हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई या किसी भी धर्म और समाज का व्यक्ति यदि किसी समस्या को लेकर उनके पास पहुंचता है, तो वे पूरी संवेदनशीलता और समान भाव से उसकी मदद करते हैं।

वहीं ब्राह्मणवाला के पार्षद मुकीम अहमद ने भी श्री धस्माना की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के वंचित, गरीब और कमजोर तबकों की सच्ची आवाज हैं। उन्होंने कहा कि श्री धस्माना हमेशा जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े दिखाई देते हैं और जनसरोकारों के मुद्दों को मजबूती से उठाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्री धस्माना ने माजरा मस्जिद के इमाम मोहम्मद अहमद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस आत्मीयता और सद्भाव के दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच विशेष उत्साह का वातावरण बना दिया।
ईद मिलन के क्रम में सूर्यकांत धस्माना ने कारगी, पुराना राजपुर, शास्त्री नगर, कांवली, सत्तोंवाली घाटी और ईसी रोड सहित महानगर के कई क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, अनीस अंसारी, अयूब अकेला, सलीम शाह, फरहान कुरैशी, आनंद सिंह पुंडीर, सोनू काजी, अल्ताफ अहमद, इजहार, शुभम सैनी, संजय भारती, दर्शन लाल समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments