बेटियों को शिक्षित कर आगे बढ़ाने पर दिया जाय बल-राज्यपाल

राज्यपाल महोदया की प्रेरणा से जनपद में चलाए जा रहे एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम में श्रावस्ती को मिला प्रथम स्थान-जिलाधिकारी
श्रावस्ती 26 मार्च (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश सरकार के ’’सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन’’ के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ए0आर0टी0ओ0 कार्यालय के निकट मैदान में त्रि-दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश की माननीया राज्यपाल महोदया श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मुख्य अतिथि रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात् कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगान से किया गया। इस दौरान राज्यपाल महोदया ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को लाभान्वित किया। उन्होंने 200 आंगनबाड़ी किट एवं डिग्निटी किट, 100 भूमिहीन लाभार्थियों को पट्टा आवंटन पत्र, 100 आयुष्मान कार्ड, 50 छात्राओं को स्पोट्र्स किट, 300 टीबी मरीजों को पोषण किट, 100 आपदा मित्रों को व्हीलचेयर तथा 250 मुद्रा लोन एवं 300 मुख्यमंत्री युवा लोन के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन लगवाने वाले बच्चों एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सीएचडी उपचारित बच्चों से संवाद भी किया। इसके साथ ही आंगनवाड़ी के बच्चों ने छह विभिन्न कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुति दी, जबकि विश्वविद्यालय के दो छात्रों ने विकसित भारत एवं दहेज प्रथा पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर राज्यपाल जी ने अपने सम्बोधन में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये केंद्र बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता की ओर प्रेरित करने के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि समाज के सभी वर्गों को इनका अधिकतम लाभ मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार के ’’सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन’’ के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सभी को बधाई देते हुए विगत 08 वर्षो के दौरान प्रदेश एवं जनपद की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर आज महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। जिसमें विगत आठ वर्षो में जनपद की जो उपलब्धियां रही है, उनकी प्रदर्शनी लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के स्टाल भी लगाये गये है, जिसमें सम्बन्धित विभागों के द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ ले सकते है। मेले में प्रयागराज महाकुम्भ का जल भी लाया गया है, जिसे आम जनमानस में वितरित किया जा रहा है। अन्त में उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विगत आठ वर्षो में अवस्थापना एवं विकास कार्यो में सराहनीय कार्य किये है, जिसके परिणामस्वरूप भ्रष्टाचार एवं अराजकता का अड्डा कहे जाने वाले इस प्रदेश को देश के ग्रोथ इंजन के रूप में जाना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने राज्यपाल महोदया की प्रेरणा से जनपद में चलाए जा रहे एनीमिया मुक्त भारत एवं सम्भव अभियान के उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी दी और इसकी रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, इंटरमीडिएट तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से समस्त बच्चों को आयरन टैबलेट की खुराक प्रदान की गई। जिसके परिणाम स्वरूप एनीमिया की दर में निरंतन कमी आई और एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम में जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा पोषण मिशन के अन्तर्गत सम्भव अभियान कार्यक्रम में जनपद प्रथम स्थान पर है। शत-प्रतिशत सैम (कुपोषित) बच्चों की पहचान कर उनका समुदाय स्तर पर प्रबंधन, फालो-अप एवं जटिलता वाले बच्चो को एनआरसी मे रेफर किया गया। परिणाम स्वरूप कुपोषित बच्चों की संख्या में निरन्तर कमी आयी है। वहीं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत विकास खंड जमुनहा को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। राज्यपाल महोदया के मार्गदर्शन में किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाई गई है। हृदय रोगी बच्चों का अलीगढ़ भेजकर इलाज कराया गया, जो अब पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने कहा कि महोदया द्वारा जो भी निर्देश दिए गए है, उनका अक्षरश: अनुपालन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अन्त में प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, जिलाधिकारी अजय कुमार दिवेदी, पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया एवं मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह ने माननीया राज्यपाल महोदया को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया। इसके उपरांत राज्यपाल महोदया ने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल व प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा उनसे संबंधित योजनाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ दिलाने हेतु निर्देशित भी किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments