

कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग ने सैन्यधाम परियोजना की लागत, व्यय और प्रगति का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग ने सोमवार को सैन्यधाम के मुद्दे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से रवाना होकर पदाधिकारी और कार्यकर्ता सैन्यधाम पहुंचे, जहां शहीदों और सैनिकों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि सैन्यधाम शहीद सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने परियोजना की कुल लागत, अब तक हुए खर्च, कार्यों के आवंटन, संशोधनों की संख्या, निर्माण प्रगति और पूर्णता की समयसीमा को सार्वजनिक करने के साथ पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के सैन्यधाम से चुनावी लाभ लेने संबंधी बयान की भी कड़ी निंदा की, जिसके बाद उपस्थित पूर्व सैनिकों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री के इस्तीफे की मांग का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने मंत्री गणेश जोशी से जुड़े उद्यान विभाग के भ्रष्टाचार आरोपों, मसूरी क्षेत्र में वन कटान, नियम विरुद्ध भूमि आवंटन और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों के साथ अन्याय के मुद्दे उठाते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता एवं अधिवक्ता पंकज क्षेत्री ने मंत्री की आय से अधिक संपत्ति के मामले और न्यायालय की कार्यवाही पर उनके सार्वजनिक बयानों पर सवाल उठाए।
धरने के दौरान “सैन्यधाम का हिसाब दो” के तहत सरकार से स्वीकृत लागत, अब तक के खर्च, संशोधनों, एजेंसियों को दिए गए कार्यों, प्रगति और शेष कार्य की समयसीमा से जुड़े सवाल पूछे गए। स्थल पर “जवाबदेह सरकार के प्रतिनिधि” के नाम एक कुर्सी रखकर अधिकारी को वार्ता का न्योता दिया गया और ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम में गोपाल सिंह गड़िया, विजय गोस्वामी, रविंदर सिंह बर्तवाल, सरजीत कृषाली, राम सिंह बिष्ट, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, ब्रिगेडियर डंगवाल, डॉ. प्रतिमा सिंह और राजेंद्र शाह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Recent Comments