स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया शुभारंभ
कहा, मरीजों को मिलेगी हर प्रकार की आधुनिक सुविधा
देहरादून, 15 मार्च 2025(आरएनएस ) राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में आधा दर्जन से अधिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिससे मरीजों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को इन सुविधाओं का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार लगातार चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
शुभारंभ किए गए प्रमुख चिकित्सा सुविधाएं:
लेजर सर्जरी
नेक्स्ट जनरेशन ई-हॉस्पिटल सिस्टम
ओपीडी हेल्प डेस्क
कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड (लेवल-2)
ब्लड सैंपलिंग एवं रिपोर्टिंग काउंटर
इसके अलावा, ओपीडी भवन के तृतीय तल पर मेडिसिन, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, नेत्र विभाग और दंत विभाग के लिए पृथक पंजीकरण काउंटर शुरू किए गए हैं, जिससे मरीजों को भूतल पर जाकर पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

डॉ. रावत ने बताया कि अस्पताल के वार्डों और परिसर में सफाई व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी वार्डों में भर्ती मरीजों के लिए रोजाना अलग रंग की बेडशीट बदलने की व्यवस्था लागू की गई है। वहीं, सफाई कर्मियों व चतुर्थ श्रेणी स्टाफ के लिए ड्रेस कोड भी अनिवार्य किया गया है।
स्टाफ ट्रेनिंग व कैंटीन की सुविधा
मरीजों को बेहतर सेवा देने के लिए अस्पताल के 50 वार्ड ब्वॉय को एम्स ऋषिकेश में एमटीएस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, निर्माणाधीन नए भवन में जल्द ही स्टाफ कैंटीन शुरू की जाएगी।
दून अस्पताल में खुलेंगे दो नए विभाग
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि न्यूरोलॉजी और गैस्ट्रोलॉजी विभाग जल्द शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा, कार्डियोलॉजी विभाग में एक और फैकल्टी नियुक्त की जाएगी.
300 नए नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति
राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने 1314 नर्सिंग अधिकारियों का चयन किया है, जिनमें से 300 नर्सिंग अधिकारी दून मेडिकल कॉलेज में नियुक्त किए जाएंगे। सभी की नियुक्ति 31 मार्च से पहले कर दी जाएगी। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

इस मौके पर विधायक खजान दास ने कहा कि बीते तीन वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है, जिसका श्रेय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को जाता है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट, उप चिकित्सा अधीक्षक एन.एस. बिष्ट, डॉ. अनुराग अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा, पार्षद रोहन चंदेल सहित नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे.


Recent Comments