देहरादून में परिचय बैठक आयोजित, महिला व्यापारियों की भागीदारी बढ़ाने और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
देहरादून। भारतीय व्यापार मण्डल (रजि.) ने अपनी विचारधारा “वसुधैव कुटुंबकम्” को आगे बढ़ाते हुए महिला व्यापारियों की बढ़ती भागीदारी को संगठन की नई शक्ति के रूप में स्वीकार किया है। इसी क्रम में देहरादून स्थित उज्ज्वल रेस्टोरेंट में भारतीय व्यापार मण्डल महिला मोर्चा की एक परिचय बैठक आयोजित की गई, जिसमें नवांगतुक महिला सदस्यों का परिचय कराया गया और संगठन के विस्तार, व्यापारिक हितों की सुरक्षा तथा महिला उद्यमियों की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय व्यापार मण्डल महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज शर्मा ने की। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय व्यापार मण्डल महिला मोर्चा, उत्तराखण्ड की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनिता अग्रवाल को मनोनयन पत्र सौंपा। इस दौरान आशा व्यक्त की गई कि अनिता अग्रवाल के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में व्यापारियों के हितों को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय व्यापार को नई दिशा प्राप्त होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए सरोज शर्मा ने संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और व्यापारी हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार मण्डल निरंतर व्यापारियों के उत्थान, संगठनात्मक नवनिर्माण और सामाजिक समन्वय की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से महिला व्यापारियों को संगठन से जुड़कर अपने व्यापार को आगे बढ़ाने, सामूहिक शक्ति का लाभ लेने और व्यापारिक चुनौतियों का संगठित रूप से सामना करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार संगठन महिला उद्यमियों को मंच, मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान कर सकता है। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया गया कि महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी से संगठन का विस्तार और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। बैठक में महिला व्यापारियों को संगठन की संरचना, सदस्यता, दायित्वों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन महिला प्रदेश संरक्षक सुशीला खत्री ने किया। उन्होंने संगठन की एकजुटता, संवाद और सक्रिय भागीदारी को मजबूत करने पर बल दिया। बैठक में मौजूद सदस्यों ने महिला व्यापारियों को संगठन से जोड़ने, स्थानीय स्तर पर इकाइयों को मजबूत करने और व्यापारिक मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर सहमति जताई।
बैठक में मुख्य रूप से रेणु डी सिंह, कुसुम सिद्धू, रेखा पंवार, करन सिंह चौधरी, किरण अरोरा, वंदना वर्मा, अंजलि अग्रवाल, एडवोकेट मनु उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को महिला सशक्तिकरण, व्यापारिक विकास और व्यापक सदस्य विस्तार की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

भारतीय व्यापार मण्डल की इस पहल को देहरादून में महिला व्यापारियों के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। संगठन का मानना है कि यदि व्यापार जगत में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को मजबूत मंच मिले, तो न केवल व्यापारिक क्षेत्र में नई ऊर्जा आएगी, बल्कि सामाजिक और आर्थिक स्तर पर भी व्यापक बदलाव संभव होगा।

Recent Comments