ऊधम सिंह नगर। प्रदेश में फर्जी दस्तावेजों के धंधे पर एसटीएफ ने बड़ा प्रहार किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश और पुलिस महानिदेशक के सत्यापन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में संचालित एक फर्जी जन सेवा केंद्र का पर्दाफाश किया है। यह केंद्र बिना किसी वैध रजिस्ट्रेशन के उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के युवाओं के लिए फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार करता था, ताकि वे सिडकुल में स्थानीय निवासी का लाभ उठाकर नौकरी हासिल कर सकें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत कुमाऊं यूनिट प्रभारी निरीक्षक विकास चौधरी की टीम ने ट्रांजिट कैंप पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गंगवार जन सेवा केंद्र पर छापा मारा। इस दौरान केंद्र संचालक चेतन कुमार को फर्जी मार्कशीट बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी चेतन कुमार (21) पुत्र राजपाल, मूल रूप से ग्राम एंचैरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और फिलहाल गड्डा कॉलोनी, ट्रांजिट कैंप में किराए पर रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले एक साल से यह फर्जीवाड़ा कर रहा है। उसने खुलासा किया कि ट्रांजिट कैंप सिडकुल के नजदीक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के लोग नौकरी की तलाश में रहते हैं। सिडकुल में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने का फायदा उठाने के लिए ये लोग उत्तराखंड के फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट बनवाने उसके पास आते थे।
आरोपी ने बताया कि वह एक विशेष सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन के जरिए ग्राहकों की फोटो लेकर उनके बताए नाम और पते को एडिट करके फर्जी आधार कार्ड का प्रिंट निकालकर मुंहमांगी कीमत पर बेच देता था। एसटीएफ टीम ने मौके से 55 प्लास्टिक पैन कार्ड,42 आधार कार्ड,09 मार्कशीट,01 मॉनिटर, 01 प्रिंटर, 01 सीपीयू,01 बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर व भारी मात्रा में फर्जी कागजात बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बरामद किए गए सभी आधार कार्डों पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पते अंकित मिले हैं, जिन्हें आरोपी द्वारा कूटरचित (फर्जी) किया जाना था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अब तक करीब 400 से 500 लोगों के फर्जी कागजात तैयार किए हैं। पुलिस अब इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने वालों की तलाश कर रही है।
एसटीएफ और थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फर्जी तरीके से चल रहे गंगवार जन सेवा केंद्र को सील कर दिया गया है। एसटीएफ अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्न अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Recent Comments