देहरादून। जनपद देहरादून से स्थानांतरित हुए क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश संदीप नेगी को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय देहरादून में बुधवार को आयोजित समारोह में एसएसपी देहरादून ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने कहा कि क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के रूप में संदीप नेगी ने जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और सहयोगात्मक रवैया अपनाया। उन्होंने उनके अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जनता के बीच सहज उपलब्धता ने उन्हें एक प्रभावी पुलिस अधिकारी के रूप में स्थापित किया है।एसएसपी देहरादून ने संदीप नेगी को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर भावभीनी विदाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नेगी जहां भी सेवाएं देंगे, वहां भी अपने कार्यकुशलता और सौम्य व्यवहार से पुलिस की कार्यप्रणाली को नई पहचान देंगे।


विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक नगर, यातायात, विकासनगर और ऋषिकेश, सहायक पुलिस अधीक्षक, नगर क्षेत्राधिकारी सहित जनपद में तैनात समस्त क्षेत्राधिकारी, अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी ने उनके योगदान और कार्यशैली की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

Recent Comments