देहरादून। फिक्की फ्लो उत्तराखंड द्वारा आयोजित “फ्लो ट्रेड फेयर एवं आर्टिजन हाट” के 9वें संस्करण का भव्य शुभारंभ आज देहरादून में हर्षोल्लास के साथ हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन महिला उद्यमियों, शिल्पकारों और स्थानीय व्यवसायों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक अनूठा मंच प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि गीता धामी ने किया, जिन्होंने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्य मंत्री (उद्यमिता) विनोद उनियाल, राज्य मंत्री (संस्कृति विभाग) मधु भट्ट, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट और भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी उपस्थित रहीं। इनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन और राज्य मंत्री (बाल विकास) डॉ. गीता खन्ना ने कहा, “यह आयोजन उत्तराखंड की महिलाओं की उद्यमिता और रचनात्मकता का उत्सव है। फ्लो ट्रेड फेयर और आर्टिजन हाट महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर लाने का एक सशक्त माध्यम है।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उत्तराखंड की महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
मुख्य अतिथि गीता धामी ने अपने संबोधन में कहा, “यह मेला न केवल महिला उद्यमियों को एक मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और कला का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भरता और नेतृत्व की ओर प्रेरित करते हैं।” उन्होंने आयोजकों की इस पहल की जमकर सराहना की।
इस मेले में देशभर से आए लगभग 20 राष्ट्रीय स्तर के शिल्पकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिनमें पद्मश्री सम्मानित और यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त शिल्पकार भी शामिल हैं। मेले में आभूषण, हस्तशिल्प, गृह सज्जा, फर्निशिंग, फैशन और जीवनशैली से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने। इसके अलावा, कठपुतली मेकिंग और पेपर कटिंग जैसी कार्यशालाओं ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा, जहाँ राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिल्पकारों ने अपनी पारंपरिक तकनीकों को साझा किया।
डॉ. गीता खन्ना ने अपने समापन संबोधन में कहा, “यह मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता की भावना का उत्सव है। यहाँ स्टॉल लगाने वाली महिलाओं ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से साबित किया है कि वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने को तैयार हैं।”
कार्यक्रम में फिक्की फ्लो की सह-संयोजक लुबना मिर्ज़ा, ज्योति सिंह राठौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तृप्ति बेहल, वाइस चेयरपर्सन मीनाक्षी सोती, कोषाध्यक्ष हरप्रीत कौर, सचिव स्मृति बत्ता, पूर्व अध्यक्षा किरण भट्ट, अनुराधा मल्ला, नेशनल जी.बी. मेंबर नेहा शर्मा और मीडिया समन्वयक सुनीता विद्यार्थी सहित फ्लो टीम की अन्य सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं।
यह आयोजन 8 अक्टूबर तक चलेगा और स्थानीय कला, संस्कृति और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Recent Comments