पुरानी पेंशन बहाली से गोल्डन कार्ड तक, कर्मचारी संगठनों ने आयुक्त के सामने रखीं बड़ी मांगें

पौड़ी।  गढ़वाल मंडल के नवनियुक्त आयुक्त आनंद स्वरूप से राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड (NOPRUF), राजकीय शिक्षक संघ तथा उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन उत्तराखंड के पदाधिकारियों द्वारा आज शिष्टाचार भेंट कर उनके नवीन पदभार ग्रहण करने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

भेंट कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा कर्मचारियों, शिक्षकों एवं पेंशनरों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं एवं मांगों को लेकर आयुक्त महोदय को ज्ञापन सौंपा गया तथा इन विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों एवं कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं को गंभीरता के साथ आयुक्त के समक्ष रखा।

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड (NOPRUF) के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली के संबंध में विस्तृत तथ्यात्मक प्रस्तुतीकरण देते हुए कहा कि वर्तमान राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने में पूर्णतः सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के वेतन से प्रतिमाह की जाने वाली कटौती को शेयर बाजार आधारित योजनाओं में निवेश किया जा रहा है, जिसकी सुरक्षित एवं सुनिश्चित वापसी की कोई गारंटी नहीं है। उन्होंने OPS, NPS एवं UPS की तुलनात्मक जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी पेंशन व्यवस्था ही कर्मचारियों के बुढ़ापे की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की वास्तविक गारंटी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं देशभर के लाखों कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संघर्षरत हैं तथा सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं एवं भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।

राजकीय शिक्षक संघ के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष जयदीप रावत एवं जिला अध्यक्ष भवान नेगी ने शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वर्षों से अनेक शिक्षक पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं तथा विभागीय प्रक्रियाओं में देरी के कारण बड़ी संख्या में शिक्षक बिना पदोन्नति प्राप्त किए ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इससे शिक्षकों में निराशा एवं असंतोष की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर शिक्षकों को समयबद्ध लाभ प्रदान किया जाए।

उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन गढ़वाल मंडल के अध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल ने कर्मचारियों की विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं एवं गोल्डन कार्ड योजना में व्याप्त विसंगतियों को उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों से निरंतर गोल्डन कार्ड के नाम पर कटौती किए जाने के बावजूद उन्हें योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे कर्मचारियों एवं पेंशनरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के महासचिव जसपाल रावत ने गोल्डन कार्ड योजना की खामियों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों के वेतन और पेंशन से प्रतिमाह गोल्डन कार्ड के नाम पर धनराशि काटी जा रही है, लेकिन सूचीबद्ध अस्पतालों द्वारा कार्ड स्वीकार नहीं किए जाने के कारण अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पेंशनरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उपचार के समय कर्मचारियों को आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।

सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी संगठनों की बातों को गंभीरता एवं सकारात्मकता के साथ सुना तथा विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों से जुड़े विषयों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा शासन स्तर पर भेजे जाने योग्य विषयों को भी उचित माध्यम से प्रेषित किया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा कर्मचारी हितों के प्रति आयुक्त महोदय के सकारात्मक, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए उनका आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

भेंट कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जयदीप रावत, जसपाल रावत, सीताराम पोखरियाल, रेवती नंदन डंगवाल, संदीप भट्ट, मनोज घिल्डियाल, अंकित कठैत, भवान नेगी (जिला अध्यक्ष, राजकीय शिक्षक संघ पौड़ी), दीपक गोडियाल (जिला मंत्री, मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन), सुभाष चमोली सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments