दीप प्रज्वलन कर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दी लोक संस्कृति संजोने की प्रेरणा
देहरादून, बंजारावाला। गंगोत्री एनक्लेव, बंजारावाला में आयोजित इगास-बग्वाल महोत्सव में पारंपरिक उल्लास और लोक संस्कृति की झलक ने पूरे वातावरण को देवभूमि की खुशबू से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, डोईवाला विधायक ब्रजभूषण गैरोला, तथा वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. महेश कुडियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि सूर्यकांत धस्माना का पुष्पगुच्छ भेंटकर हार्दिक स्वागत किया। समिति के सभी पदाधिकारियों ने अतिथियों को पारंपरिक अंगवस्त्र और टोपी भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बोलते हुए सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि “इगास-बग्वाल केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि यह हमारी लोक परंपरा, संस्कृति और सामूहिक एकता का प्रतीक है। हमें इसे आने वाली पीढ़ियों तक गर्व के साथ पहुंचाना चाहिए।”

वहीं विधायक विनोद चमोली ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ते हैं और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखते हैं।
विधायक ब्रजभूषण गैरोला व डॉ. महेश कुडियाल ने भी स्थानीय निवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इस आयोजन को “लोक संस्कृति के संरक्षण का सुंदर प्रयास” बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। महोत्सव में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने पर्व को उत्सव का रंग प्रदान किया।अंत में सामूहिक दीप प्रज्वलन और लोक व्यंजनों के साथ इगास-बग्वाल की यह शाम उत्साह, उल्लास और एकता का संदेश देती हुई सम्पन्न हुई।

Recent Comments