भाजपा की ‘तोड़ो’ नीति पर गरिमा दसौनी का प्रहार, कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील

उत्तराखंड कांग्रेस में ऐतिहासिक फेरबदल, 2027 की जंग के लिए तैयार ‘पाँच पांडवों’ की टीम

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के नेतृत्व में गहन मंथन, ठोस रणनीति और व्यापक शोध के बाद उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए एक अनुभवी और पुनर्गठित टीम के साथ मैदान में उतारा गया है। पार्टी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने इस संगठनात्मक परिवर्तन को प्रदेश में नई ऊर्जा, एकजुटता और विश्वास का प्रतीक बताया।

दसौनी ने सीधे भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उत्तराखंड को खंड-खंड करने की साजिश में जुटी है। उन्होंने कहा, “भाजपा कभी कुमाऊं बनाम गढ़वाल, कभी मैदान बनाम पहाड़, तो कभी एक क्षेत्र को दूसरे से लड़ाने की कोशिश करती है। लेकिन कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अब सतर्क है और इस विभाजनकारी राजनीति के ‘ट्रैप’ में नहीं फंसेगा।” उन्होंने घोषणा की कि भाजपा की ‘तोड़ो उत्तराखंड’ नीति का जवाब कांग्रेस ‘जोड़ो उत्तराखंड’ के संकल्प से देगी।

दसौनी ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने जिन नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी है, वे 2027 में भाजपा रूपी ‘कौरवों’ की सेना को धूल चटा देंगे। उन्होंने इस नेतृत्व टीम को ‘पाँच पांडव’ करार दिया। इनमें शामिल हैं:

· प्रदेश अध्यक्ष: श्री गणेश गोदियाल
· कैंपेन कमेटी अध्यक्ष: श्री प्रीतम सिंह
· चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष: डॉ. हरक सिंह रावत
· नेता प्रतिपक्ष (विधानसभा): श्री यशपाल आर्य
· उप नेता प्रतिपक्ष: श्री भुवन कापड़ी

मुख्य प्रवक्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से नेतृत्व के निर्णय पर पूरा विश्वास रखने और एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह परिवर्तन सिर्फ चेहरों का नहीं, बल्कि सोच और दिशा का बदलाव है। अब वक्त आलोचना का नहीं, योगदान का है; व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि सामूहिक विजय का है।” उन्होंने प्रदेश के 27 जिलों के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों सहित सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी।

गरिमा दसौनी ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता भाजपा के झूठे नारों और भ्रष्टाचार से ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में प्रदेश की जनता कांग्रेस की जनोन्मुखी नीतियों और पारदर्शी नेतृत्व पर भरोसा जताएगी। इस नए संगठनात्मक ढाँचे के साथ उत्तराखंड कांग्रेस अब 2027 के चुनावी रण के लिए पूरी तरह से तैयार है और जनता के बीच अपनी लड़ाई मजबूती के साथ लड़ेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments