गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट का भाजपा में विलय, भट्ट बोले- 2027 में हैट्रिक का शुभ संकेत

मोदी-धामी के विकास और सनातन प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर लिया निर्णय, नेपाल त्रासदी पर भाजपा ने रखा एक मिनट का मौन

देहरादून । उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गोरखा समुदाय के राजनीतिक दल गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट का भाजपा में विलय करा लिया। फ्रंट के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को औपचारिक विलय पत्र सौंपा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शाही समेत फ्रंट के पदाधिकारियों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने फ्रंट के विलय का स्वागत करते हुए इसे संगठन की मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने भाजपा का समर्थन किया था, जबकि इससे पहले फ्रंट विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रूप से चुनावी गतिविधियों में भाग लेता रहा है। ऐसे में उसका भाजपा में विलय पार्टी को और मजबूती प्रदान करेगा।

भट्ट ने कहा कि बड़ी संख्या में दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं के भाजपा से जुड़ने से संगठन को नई शक्ति मिलती है। उन्होंने गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के भाजपा में विलय को राज्य हित में बताते हुए कहा कि यह कदम 2027 में उत्तराखंड में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने फ्रंट से जुड़े लोगों को भरोसा दिलाया कि पार्टी में उनके मान-सम्मान और उपयोगिता का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार उनके अनुभव और सहयोग का लाभ लिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेपाल में प्राकृतिक आपदा के कारण हुई जनहानि पर एक मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। महेंद्र भट्ट ने नेपाल में हुई त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से नेपाल को राहत सामग्री भेजी जा रही है। भाजपा भी गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के माध्यम से राहत राशि एकत्र करने का प्रयास करेगी, जिसे धामी सरकार के माध्यम से नेपाल की सहायता के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निष्कर्ष निकला कि भाजपा और फ्रंट के मुद्दे एवं विचार समान हैं। देश और उत्तराखंड के विकास को प्राथमिकता देते हुए फ्रंट ने भाजपा में विलय का निर्णय लिया है।

शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों तथा भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट का भाजपा में विलय किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा में शामिल होने के बाद गोरखा समाज को सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और देवभूमि उत्तराखंड की सेवा के अधिक अवसर मिलेंगे।

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में गोरखा समुदाय से जुड़े करीब 10 लाख मतदाता राज्य के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर खड़े होंगे। देहरादून, ऋषिकेश, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत कई विधानसभा सीटों पर गोरखा समुदाय भाजपा की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सूर्य विक्रम शाही के साथ गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के उपाध्यक्ष एडवोकेट आरबी नेपाली, सेक्रेटरी प्रेम सिंह क्षेत्री, यूजीवीएल के पूर्व महाप्रबंधक इंजीनियर मेघ बहादुर थापा, पूर्व डीएफओ इंद्रेश उपाध्याय, रायपुर की पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख शुभवंती उपाध्याय और ललित थापा समेत फ्रंट के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंत में नेपाल में प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments