भगवान श्री सत्य साईं बाबा जन्म शताब्दी वर्ष पर भव्य रथ यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

देहरादून। श्री सत्य साईं बाबा की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में सुभाष नगर स्थित श्री सत्य साईं मंदिर द्वारा आयोजित भव्य रथ यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने प्रेम, सेवा और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। “सबसे प्रेम — सबकी सेवा” के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले इस आयोजन में उमड़े जनसैलाब ने भक्ति और उल्लास का अनूठा वातावरण सृजित किया।

पारंपरिक ढोल-दमाऊं की थाप पर प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा का स्वागत करते हुए पूरा सुभाष नगर क्षेत्र भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण से गूंज उठा। यह रथ यात्रा सुभाष नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई शेगल जी के आवास, टर्नर रोड तक पहुंची, जहां विश्राम के उपरांत यह पुनः मंदिर परिसर के लिए रवाना हुई। मंदिर पहुंचने पर आयोजित भव्य नारायण सेवा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को खूबसूरती के साथ उकेरा गया। मंदिर समिति द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के आश्रम के बाल कलाकारों ने ‘आदि योगी नृत्य नाटक’ की ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी जिसने दर्शकों को अभिभूत कर दिया। वहीं, डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज की छात्राओं ने शिव विवाह और पारंपरिक चंडी जागर की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेश धीर, बिना जोशी, चांद वल्लभ के अलावा उधम सिंह नगर से जोनल समन्वयक शिव कुमार गर्ग, हल्द्वानी से जिला अध्यक्ष नेगी, हरिद्वार जिला अध्यक्ष अमित शर्मा, रुड़की समिति से मुन्शी राम अरोरा, रुड़की समिति संयोजक प्रदीप भण्डारी, प्रीतम चन्दना, विशाल राज, पूर्णिमा बुग्गा, संतोष चन्दना, अरोरा अंटी, कनक राज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को साईं संदेश के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments