SSP ऑफिस के सामने ‘गंदगी का घोर कांड’: राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश!

जूस बेचने वाले युवक की घिनौनी हरकत पर मानवाधिकार आयोग सख्त

देहरादून । राजधानी देहरादून में एसएसपी कार्यालय के ठीक बाहर घटित एक शर्मनाक प्रकरण ने जनस्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। कोर्ट तिराहे पर जूस बेचने वाले बिलावल नामक युवक को एक ही कपड़े से अपना प्राइवेट पार्ट साफ करते हुए और उसी कपड़े से जूस के ग्लास व बर्तन पोंछते हुए देखा गया। इस घटना के उजागर होने के बाद आम लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

घटना 04 अक्टूबर 2025 की बताई जाती है, जब एक युवती ने इस घृणित कृत्य को देख लिया और तत्काल पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने रेहड़ी सीज कर चालान काटते हुए आरोपी को छोड़ दिया और दोबारा रेहड़ी न लगाने की चेतावनी देकर मामला वहीं समाप्त कर दिया।

इस मामले में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के RTI एवं मानवाधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार लक्ष्मी ने इसे मात्र चालान में निपटा देना गंभीर लापरवाही बताते हुए उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत में कहा कि यह घटना सिर्फ अस्वच्छता का मामला नहीं बल्कि ग्राहकों के स्वास्थ्य और मानवाधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने मांग की कि पुलिस को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए थी।

शिकायत पर आयोग के सदस्य IPS राम सिंह मीना ने तत्परता दिखाते हुए एसएसपी देहरादून को विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने अपनी टिप्पणी में कहा कि यह मामला सीधे-सीधे लोगों की सेहत से जुड़ा है, इसलिए पुलिस का सिर्फ चालान कर छोड़ देना अपर्याप्त और गलत उदाहरण है।

पकड़े जाने पर आरोपी युवक ने सफाई देते हुए कहा कि उसके पेट के निचले हिस्से में फुंसी थी, जिसे वह साफ कर रहा था।
लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी लापरवाही से गंभीर संक्रामक बीमारियाँ फैल सकती हैं और यह पूरी तरह से जनहित के विरुद्ध है।

भूपेंद्र कुमार लक्ष्मी ने कहा कि राष्ट्रवादी क्षेत्रीय पार्टी सदैव जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए आगे खड़ी रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस इस मामले में यथोचित कठोर कार्रवाई कर ऐसा संदेश देगी कि सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की गैरजिम्मेदाराना हरकतें किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएंगी।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि देहरादून पुलिस इस मामले में आगे कौन से कदम उठाती है, क्योंकि यह घटना उसी स्थान के बाहर हुई है जहाँ से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को दिशा मिलती है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments