मसूरी। टी-20 विश्व कप विजेता टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज कुलदीप यादव अपनी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा के साथ कल शनिवार को मसूरी के ऐतिहासिक सेवाय होटल में शादी के बंधन में बंध जाएंगे। आज शुक्रवार को उनकी हल्दी की रस्म हुई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव की शादी के रंगारंग कार्यक्रम में शुक्रवार को आयोजित हल्दी समारोह में क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और रिंकू सिंह समेत कई खिलाड़ियों ने डांस कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
शहर के प्रतिष्ठित होटल आइटीसी द सेवाय में शुक्रवार की सुबह हल्दी की रस्म के साथ विवाह समारोह की शुरुआत हुई।
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई हल्दी की रस्म दोपहर लगभग दो बजे तक चली, जिसमें परिवार, दोस्तों और क्रिकेट जगत से जुड़े मेहमानों ने जमकर मस्ती की।
कार्यक्रम के बाद मेहमानों के लिए विशेष लंच का आयोजन किया गया, जिसमें एक थाली की कीमत 20 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्यक्रमों में परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और खास मेहमान शामिल हुए। दिनभर चले इन कार्यक्रम के बाद शाम को संगीत व म्यूजिकल इवनिंग का आयोजन किया गया। शाम करीब छह बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में मेहमानों ने संगीत की धुनों पर नृत्य किया और शादी के जश्न का आनंद लिया।

दोनों की शादी 14 मार्च को मसूरी में होगी, जबकि 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। हल्दी के बाद कुलदीप यादव अपनी दुल्हन वंशिका के साथ भी डांस मूव्स करते नजर आए। शाम को होटल में संगीत और काकटेल पार्टी का आयोजन किया गया। होटल परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था और कार्यक्रम में शामिल मेहमानों के लिए पारंपरिक व्यंजन और मनोरंजन की व्यवस्था भी की गई।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए क्रिकेटर रिंकू सिंह, सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल, नितेश राणा के अलावा सिंगर कैलाश खेर, भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप व अभिनेता कुणाल कपूर भी मसूरी पहुंच चुके हैं। वहीं, सूत्रों के मुताबिक तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के भी रात तक पहुंचने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, क्रिकेटर तिलक वर्मा और पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर के शादी में शामिल होने के लिए शनिवार को पहुंचने की संभावना है। कुलदीप की शादी में क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ पहुंचे। वहीं, युजवेंद्र चहल पूरे जोश में नजर आए और कहा कि ‘भाई की शादी है, फुल डांस होगा।’ शादी समारोह में कई खेल व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े विशेष मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इस भव्य समारोह को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता बनी हुई है और होटल के आसपास सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
क्रिकेटर कुलदीप यादव शनिवार को मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे। इसमें शाम चार बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे, जबकि छह बजे वरमाला और रात आठ बजे फेरे की रस्म संपन्न कराई जाएगी। शादी का मुख्य समारोह शनिवार को होटल के सेंट्रल लान में होगा। शाम चार बजे साफा बंधाई की रस्म होगी, जिसके बाद शाम पांच बजे कुलदीप यादव घोड़ी पर सवार होकर बरात लेकर निकलेंगे। इसके बाद शाम छह बजे वरमाला और रात आठ बजे फेरे की रस्म संपन्न होगी। देर रात तक अन्य पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कुलदीप और वंशिका मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं। कुलदीप का परिवार जाजमऊ क्षेत्र में रहता है। बीते वर्ष 4 जून 2025 को लखनऊ में दोनों की सगाई हुई थी, जिसमें भारतीय टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह समेत उनके करीबी दोस्त और परिवारजन शामिल हुए थे। शादी समारोह में शामिल होने के लिए क्रिकेटर रिंकू सिंह और उनकी मंगेतर, सपा सांसद प्रिया सरोज, यजुवेंद्र चहल, टी. दिलीप और मोहित शर्मा मसूरी पहुंच चुके हैं।
#Kulvansh के नाम से ट्रेंड करेगी शादी
कुलदीप और वंशिका की शादी सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहने वाली है। कपल ने अपनी शादी के लिए #Kulvansh हैशटैग चुना है, जो कुलदीप के नाम के ‘कुल’ और वंशिका के नाम के ‘वंश’ को मिलाकर बनाया गया है। माना जा रहा है कि शादी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर इसी हैशटैग के साथ साझा किए जाएंगे।

Recent Comments