हनोल मास्टर प्लान पर स्थानिकों और पुरोहितों के साथ मंदिर परिसर में होगा विमर्श
देहरादून, 15 मार्च 2025 (आरएनएस) – जौनसार बावर क्षेत्र के हनोल में महासू देवता धाम को सुनियोजित रूप से विकसित करने के लिए हनोल टूरिस्ट डेस्टिनेशन प्लान तैयार किया जा रहा है। इस योजना को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल 19 मार्च को हनोल में रात्रि प्रवास करेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थानिकों, पुरोहितों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विमर्श किया जाएगा।
हनोल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आईएनआई डिजाइन कंसलटेंट के माध्यम से मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस योजना में स्थानिकों के हितों को प्राथमिकता दी जाए ताकि पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
हनोल मास्टर प्लान में होंगे ये महत्वपूर्ण प्रावधान:
✅ सीवरेज और वाटर सप्लाई का समावेश: क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
✅ फ्लोटिंग पॉपुलेशन का सर्वेक्षण: अस्थायी आबादी का अध्ययन कर विकास योजना तैयार की जाएगी।
✅ सड़क चौड़ीकरण और विस्तारीकरण: हनोल तक पहुंचने वाले सभी सहायक मार्गों को विकसित किया जाएगा।
✅ टोंस नदी किनारे घाट तक एप्रोच रोड: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित मार्ग विकसित किया जाएगा।
✅ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा: महासू देवता धाम में बनने वाली दुकानों में से 50% दुकानें स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को आवंटित की जाएंगी।
हनोल के इस मास्टर प्लान से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस योजना को जल्द से जल्द अंतिम रूप दें ताकि भविष्य में हनोल एक सुव्यवस्थित और आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सके।

Recent Comments