हरिद्वार कांवड़ मेला-2026: IG-एसटीएफ व DIG लॉ एंड ऑर्डर ने सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी समीक्षा, अफवाह नियंत्रण व यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता

हरिद्वार।  श्रावण मास के कांवड़ मेला-2026 के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस मुख्यालय की उच्चस्तरीय टीम ने व्यापक निरीक्षण व समीक्षा की। पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध व कानून व्यवस्था) धीरेंद्र सिंह गुंज्याल आज हरिद्वार पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार व अन्य अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित शहर के प्रमुख मार्गों व संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा प्रबंध, भीड़-नियंत्रण, यातायात व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय मूल्यांकन कर तैनात कर्मियों को सतर्कता, समन्वय व त्वरित प्रतिक्रिया के निर्देश दिए।

उच्चाधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कंट्रोल रूम का गहन अवलोकन किया और हरिद्वार शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक की लाइव मॉनिटरिंग देखी। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी असामान्यता को तत्काल रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सुपर जोनल व जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी दिनों के लिए रणनीति पर मंथन हुआ।

बैठक में विशेष रूप से यह निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की संभावित वृद्धि को ध्यान में रखकर यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए; मार्गों पर शीघ्र व प्रभावी हस्तक्षेप के लिए फोर्स की तत्परता बनी रहे; भीड़-प्रवाह नियंत्रित रखने हेतु निर्धारित चोक-प्वाइंटों पर ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को 24×7 सक्रिय रखने, सोशल प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना अथवा अफवाह पर सतर्कता बरतने और ऐसे स्रोतों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस महानिरीक्षक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक जोनल-सेक्टर में सक्षम अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है और पुलिस मुख्यालय से भी मेले की निरंतर निगरानी जारी है। आवश्यकतानुसार कुछ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के लिये एसएसपी हरिद्वार व नोडल अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रत्याशित चुनौती का सामूहिक व प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

समीक्षा बैठक के समापन पर IG-एसटीएफ निलेश आनंद भरणे व DIG (लॉ एंड ऑर्डर) धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और एसपीओ को सम्मानित कर उनकी सेवाओं की सराहना की तथा अन्य कर्मियों को उच्च प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित किया।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुव्यवस्था सर्वोपरि है और हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान पुलिस व अन्य एजेंसियाँ मिलकर शांति, सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करती रहेंगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments