हरिद्वार की सड़कें 15 अक्टूबर तक होंगी गड्ढा मुक्त, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया NH का निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार। जनपद की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित शुक्रवार को स्वयं धरातल पर उतरे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग और मंगलौर तक राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों की स्थिति, गड्ढों, अतिक्रमण और निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन की सुरक्षा से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए गड्ढों के कारण कोई दुर्घटना न हो, इसके लिए मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराने और विशेष निगरानी रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी दशा में हाईवे किनारे अतिक्रमण न होने पाए। सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ी-ठेलियों और अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी की जाए।

सड़क किनारे उगी झाड़ियों को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को कटान और साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झाड़ियों से चालकों को दृश्यता में परेशानी होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ता है।

फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कुंभ मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक फ्लाईओवर और संबंधित सड़क कार्य पूरे कर लिए जाएं और निर्माण के दौरान यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था रखी जाए।

परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक और स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ सड़क सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचएआई विशाल गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, नेहा झा और कृष्ण चंद्र पलडिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments