रुड़की/भगवानपुर। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज रुड़की और भगवानपुर में “अंकिता को न्याय दो” यात्रा निकाली। इस यात्रा में कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद (रुड़की) और ममता राकेश (भगवानपुर) के साथ जिला अध्यक्षगण, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
यात्रा के दौरान रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उत्तराखंड की जनता की भावनाओं की अनदेखी करते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पहले ही इस मामले में एक गंभीर गलती कर चुके हैं, लेकिन अब उनके पास अपनी त्रुटि सुधारने का एक अंतिम अवसर है।

रावत ने स्पष्ट किया कि साक्ष्य किसने मिटाए, VIP कौन था और किसके संरक्षण में यह सब हुआ – इन सवालों को भटकाने की बजाय मुख्यमंत्री को सीधे हाई कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में CBI जांच की संस्तुति करनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की अस्मिता का सवाल है। कांग्रेस इस संघर्ष को अंजाम तक पहुंचाएगी, इसलिए राज्य सरकार को CBI जांच की पहल करनी चाहिए और अंकिता को पूर्ण न्याय दिलवाना चाहिए।

Recent Comments