

कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून में तीन दिवसीय बहु-विशेषज्ञ शिविर; लगभग 2,000 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण
देहरादून। उत्तराखण्ड की प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने 27वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में मिलिट्री हॉस्पिटल, देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय बहु-विशेषज्ञ महिला स्वास्थ्य शिविर ‘धारित्री’ के समापन समारोह में सहभाग किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, जांचों और उपचार व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
समारोह में प्रथम महिला ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के सशक्त भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने रेखांकित किया कि यह शिविर मात्र स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं में जागरूकता, विश्वास और आत्म-सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम बना।
श्रीमती कौर ने कहा कि जब एक महिला स्वस्थ रहती है तो पूरा परिवार सशक्त बनता है, और सशक्त परिवार ही मजबूत समाज तथा विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि महिलाएँ अक्सर परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देती हैं, जबकि स्वयं का स्वास्थ्य-सुरक्षण भी परिवार और समाज के प्रति उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

प्रथम महिला ने preventive healthcare के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समय पर जांच और रोगों की रोकथाम, उपचार से अधिक प्रभावी होती है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में लगभग दो हजार महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया—यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के स्वस्थ भविष्य और बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।
समापन पर श्रीमती गुरमीत कौर ने इस पुनीत अभियान से जुड़े चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के निवारक स्वास्थ्य सेवा-आधारित अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

Recent Comments