

हरिद्वार। जनपद में हो रही भारी वर्षा के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम को देखते हुए यात्रियों से अनुरोध है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें। गंगा घाटों पर तैनात सुरक्षा बलों, पुलिस जवानों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। तेज बहाव या जलस्तर बढ़ने की स्थिति में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों और घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों की विशेष मॉनिटरिंग की जाए और श्रद्धालुओं को ऐसे स्थानों पर जाने से रोका जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
डाक कांवड़ यात्रियों से विशेष अपील करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि जलभराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में कोई घटना होने पर तुरंत सूचना कंट्रोल रूम को दी जाए, जिससे राहत और बचाव कार्य बिना देरी के शुरू किए जा सकें। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है।
प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

Recent Comments