

देहरादून। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) हुकम सिंह ने शहीद स्मारक, देहरादून पहुंचकर राज्य आंदोलनकारी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे राज्य आंदोलनकारी साथियों से भी भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर हुकम सिंह ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की हर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारियों के हित में अब तक बहुत कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य आंदोलनकारियों की कुछ मांगों में नियुक्तियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को लेकर आ रही परेशानी भी शामिल है, जिस पर मुख्यमंत्री धामी से मिलकर बात रखी जाएगी। इसके साथ ही आश्रित प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर भी शीघ्र कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
हुकम सिंह ने कहा कि सभी लंबित मामलों को लेकर मुख्यमंत्री धामी पूरी तरह गंभीर हैं और उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के लिए पेंशन में बढ़ोत्तरी, चिह्निकरण, चिकित्सा सुविधा तथा परिवहन जैसी अनेक मांगों को पूरा किया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं दूसरी ओर, चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक धीरेंद्र प्रताप ने आंदोलनकारी सम्मान परिषद अध्यक्ष हुकम सिंह द्वारा शहीद स्मारक पहुंचकर आंदोलनकारियों की मांगों पर कार्रवाई किए जाने के संकल्प का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने चेताया भी कि अब समय बहुत कम बचा है और चुनाव बिल्कुल नजदीक हैं। ऐसी स्थिति में यदि आंदोलनकारी सम्मान परिषद के पदाधिकारी पूरी शिद्दत से प्रयास नहीं करेंगे तो आंदोलनकारी सड़क पर ठगे रह जाएंगे।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि आंदोलनकारियों की उम्र लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार की उम्र घट रही है। उन्होंने आगाह किया कि आंदोलनकारी जिस कदर गुस्से में हैं, यदि कोई अप्रिय घटना घट जाती है या किसी आंदोलनकारी द्वारा कोई गलत कदम उठाया जाता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सरकार की होगी।

Recent Comments